Showing posts with label *पूर्णिमा वर्मन. Show all posts
Showing posts with label *पूर्णिमा वर्मन. Show all posts

Tuesday, July 12, 2022

नींद नहीं आएगी

अब तो नींद नहीं आएगी 
देख सिरहाने याद तुम्हारी

हमने तो रिश्ता बोया था
प्यार न जाने कब उग आया
कब सींचा, कब हरा हो गया
कैसे कर दी शीतल छाया
अब इस दिल को कौन सँभाले 
ना कांधा ना बाँह तुम्हारी
अब तो नींद नहीं ... 

कब जाना था, साथ बँधे तो
दूर-दूर हो अलग चलेंगे
सातों कसमें खाने वाले
दो बातों तक को तरसेंगे
आधी रातें, घनी चाँदनी 
आँगन सूना मौसम भारी
अब तो नींद नहीं ...

दुनिया छोटी है, सुनते थे 
दूर न कोई जा पाता है 
समय लगाकर पंख, कहा था
पल भर में ही उड़ जाता है
पर पल भी युग बन जाता है
नहीं पता थी यह लाचारी
अब तो नींद नहीं ...

-पूर्णिमा वर्मन