Showing posts with label -प्रेमगीत. Show all posts
Showing posts with label -प्रेमगीत. Show all posts

Monday, January 26, 2026

प्रिये ! मैं गाता रहूँगा

 प्रिये ! मैं गाता रहूँगा
यदि इशारे हों तुम्हारे, प्रिये ! मैं गाता रहूँगा।

प्रेम-पथ का पथिक हूँ मैं,
प्रेम हो साकार तुम,
मुझ अकिंचन को हमेशा,
बाँटती हो प्यार तुम,
पात्र लेकर रिक्त, द्वारे नित्य ही आता रहूँगा।

सरस है जीवन तुम्हीं से,
हर दिवस मधुमास है,
रात का हर पल, तुम्हारे-
प्रेम का ही रास है,
वेणु का हर सुर मधुरतम तुम्हीं से पाता रहूँगा।

खिलेंगे जब, तक तुम्हारे-
युगल नयनों में कमल,
तभी तक सुखमय रहेंगे,
जिन्दगी के चार पल,
मैं मधुप हर पंखुडी पर बैठ मुस्काता रहूँगा।

प्रेम से जीवन मेरा
तुमने संवारा जिस तरह,
मैं तुम्हें प्रतिदान इसका
दे सकूँगा किस तरह
नित्य बलिहारी तुम्हारे प्रेम पर जाता रहूँगा।
...

-त्रिलोक सिंह ठकुरेला

Saturday, April 20, 2024

तब मिलूँगा

बारिशें न मन छुएँगी, स्वप्न आना छोड़ देंगे 
पतझरों से दुःख न होगा नैन दर्पन तोड़ देंगे 
तब मिलूँगा ! 
जब तुम्हे आशा न होगी, तब मिलूँगा !!

तुम दिखोगी मालिनों से बढ़ती कीमत पर झगड़ती 
फूल जूड़े में नही तुम, थाल में पूजा  के धरती 
हाथ घुटनों पर रखे बिन, बैठना-उठना असम्भव 
गालों के गड्ढे तुम्हारे, हँस हँसाना छोड़ देंगे 
तब मिलूँगा !!

आरती, ढेरों भजन और मंत्र सारे, श्लोक सारे 
इन में भूलोगी मेरे सब, गीत वो अपने  तुम्हारे 
डायरी गीतों की होगी, धूल खाती ताक में और-
गीतों की धुन पर भजन जब, भजनानन्दी जोड़ देंगे 
तब मिलूँगा !!

रूप के सन्ध्या-समय जब, हल्दी का उबटन हँसेगा 
बाग में फोटो खिंचाते, तुम पे कण्टकवन हँसेगा 
बाल कंघी में उलझकर, हाथ में आने लगेंगे-
प्यार के मानक तुम्हारे, मन की कोहनी मोड़ देंगे 
तब मिलूँगा !!

क्या करूँगा, द्वार पर जब पूछ लोगी, कौन हो तुम 
मैं अभागों-सा हँसूगा और तुम अनजान गुमसुम 
बीते दिन दस्तक न देंगे, देखकर मुझको अचानक -
मेरी यादों के पखेरू, छत ही तुम्हारी छोड़ देंगे 
तब मिलूँगा !!
       
        -रमेश शर्मा

Tuesday, March 12, 2024

लड़ते लड़ते प्यार हो गया

 गिला, शिकायत, शिकवा, चुप्पी, 
गुस्सा सब बेकार हो गया
इतना लड़ती थी मैं उससे 
लड़ते-लड़ते प्यार हो गया

ऐंठी मैं तो ऐंठा वो भी
बात-बात पर कितने ताने
कहना-"कभी नहीं मिलना अब"
पर मिलने को किये बहाने
खिजाँ देखती रही मगर अब 
ये गुलशन गुलज़ार हो गया
इतना लड़ती थी मैं ... 

क्या, कैसे, कब हुआ बताओ
पूछ रहा कितने सवाल था
मेरे आँसू टपके ही थे
लेकिन उसका बुरा हाल था
गुस्सा-गिला, शिकायत, शिकवा 
पानी आखिरकार हो गया
इतना लड़ती थी मैं... 

जितना दिल में प्यार भरा हो
उतना ही गुस्सा भी आये
दिल तो इसे समझ ले लेकिन
जब दिमाग सोचे, चकराये
पर दिमाग को हरा दिया तो 
दिल का हर त्यौहार हो गया
इतना लड़ती थी मैं ... 

बाल्मीकि ने "मरा-मरा" कह
जैसे अपना राम पा लिया
उसी तरह उल्टा-पुल्टा कर
मैंने भी घनश्याम पा लिया
जिसे समझती थी मैं बाधा 
वो मेरी रफ़्तार हो गया
इतना लड़ती थी मैं ... 

 -अर्चना पंडा

Monday, March 11, 2024

कोई असर नहीं रितुओं की..

कोई असर नहीं रितुओं की
मीठी-मीठी बातों का
लोक लाज के पहरे बैठे
डर है उल्कापातों का

कुहू-कुहू कर कोयल बोले
झूम रही है अमराई
पीली सरसों नाचे छमछम
दूर खड़ी है पुरवाई
किस पर असर नहीं बासंती,
मौसम की सौगातों का
किन्तु तुम्हारा मन है जैसे
चिकना तन हो पातों का
कोई असर नहीं रितुओं की...

चुप रहकर आमंत्रित करती
रही चाँदनी शरमीली
प्रेम-पत्र लेकर आयी है
कासिद पछुआ बरफीली
मन तो एकाकार हो चुका
होना है दो गातों का
और भला क्या हो सकता है
सर्द गुलाबी रातों का
कोई असर नहीं रितुओं की...

घूँघट खोल दिये कलियों ने
भँवरों ने मधुरस घोला
चरम-मिलन के पलड़ों पर फिर
बजन प्यार का भी तोला
बैर हुआ तेरे उसूल से
मेरे इन जजबातों का
खूँटी पर लटकी है लज्जा
क्या डर रिश्ते-नातों का
कोई असर नहीं रितुओं की...

-प्रदीप पुष्पेन्द्र

Thursday, February 15, 2024

टूट-टूट कर प्यार किया बस

बिना कहे तुमने मुझसे क्यों
टूट-टूट कर प्यार किया बस

अलबत्ता तुम चले नहीं संग
रात अकेले ही है काटी
लेकिन सच है मैंने भी तो
चिंताएं ही तुमसे बाँटी
समाधान  जीते-जीते
मैंने तुमसे तकरार किया बस
टूट-टूट कर ...

दाना-पानी साथ-साथ में,
हँसी-ठिठोली इतना जाना
कल के सारे स्वप्न सुहाने
तुमने बस यूँ ही पहचाना
नींव बिछाती थकी सदा मैं,
मन में उठी गुबार जिया बस
टूट-टूट कर ...

बदसूरत पहलू होते तो
कन्नी काट-काट तुम जीते
अमृत भरा पराग स्वप्न धर
निष्ठा से लम्हों में रीते
तुमको प्रेम पता था केवल
मैंने जब पतवार जिया बस
टूट-टूट कर ...

दुनियादारी की रवायतें,
मशगूली भी कब भाती थी
लेकिन घर की दीवारों में
ही भर नींद तुम्हें आती थी
लड़ें-भिड़ें हम पास-पास ये
ही तुमने अधिकार जिया बस
टूट-टूट कर ...

-शीला पांडे

Tuesday, December 19, 2023

खुले रहेंगे इन पलकों के द्वार

खुले रहेंगे इन पलकों के द्वार 
चले आना
नींद के आने से पहले
चाँद के जाने से पहले।

इधर लोचनों में उमड़ा है
आँसू का सागर
उधर तुम्हारे द्वार उठ रहे
शहनाई के स्वर
अंतिम दर्शन के हित 
अंतिम बार चले आना
पालकी उठने से पहले
कि पीहर छुटने से पहले
खुले रहेंगे इन पलकों के...

बिना भ्रमर के किसी कली का
खिलना ही क्या है
पतझर में प्रेमी हृदयों का
मिलना ही क्या है
बीत न जाए कहीं बसंत बहार? 
चले आना
फूल के खिलने से पहले
धूल में मिलने से पहले
खुले रहेंगे इन पलकों के...

आज मरण शैया पर हैं
मन की अभिलाषाएँ
फिर भी साथ न छोड़ रही हैं
झूठी आशाएँ
द्वार खड़े चारों कहार तैयार? 
चले आना
श्वास के ढलने से पहले
चिता में जलने से पहले
खुले रहेंगे इन पलकों के...

-सुरेंद्र मोहन मिश्र

Saturday, December 09, 2023

तितलियों ने

तितलियों ने दिए रंग मुझे 
और चिड़ियाँ चहक दे गईं
प्यार की चंद घड़ियाँ मुझे 
फूल जैसी महक दे गईं

बारिशों ने इशारा किया
साथ आओ ज़रा झूम लो
देख लो रूप अपना खिला
आईने को ज़रा चूम लो
ये हवाएँ, घटाएँ सभी 
मुझको अपनी बहक दे गईं
तितलियों ने... 

ना को हाँ में बदलने में तुम 
वाक़ई एक उस्ताद हो
सारी दुनिया अदृश हो गई
जबसे तुम मुझ में आबाद हो
भावनाएँ भी समिधाएँ बन 
मीठी-मीठी दहक दे गईं
तितलियों ने... 

चैन की सम्पदा सौंपकर
अनवरत इक तड़प को चुना 
याद का एक स्वेटर यहाँ
नित उधेड़ा दुबारा बुना
लग रहा है कि लहरें मुझे 
आज अपनी लहक दे गईं
तितलियों ने... 

- डा० सोनरूपा 

जब से यह देखे हैं बतियाते नैन

जब से यह देखे हैं बतियाते नैन
फूलों की बरसा-से बरसाते बैन
डोल गया, डोल गया, डोल गया मन
जीवन में आया नयापन।

प्यार भरे मौसम की भाषा है मौन
अन्तर-पट जान गया, किसका है कौन
एक-दूसरे को आओ नैन मूँद देखें
जंजाली दुनिया को एक ओर फेकें
प्राण हमें एक मिला, गूँगे दो तन
जीवन में आया नयापन...

साँसों में घुलने लगी चम्पा की गंध
सदियों के टूट गए सारे अनुबंध
कल्पना के पंखों से आसमान छूलें
और कभी भावों के झूले पे झूलें
होने न पाए कभी प्रीति अपावन
जीवन में आया नयापन...

अलकों संग खेल रही चंदनी बयार
झुकी-झुकी पलकों में मुस्काए प्यार
फूल से कपोल हुए शर्म से गुलाबी
मदमाते नैन लगें जन्म के शराबी
कर रहा है तुम पे 'पवन' तन-मन अर्पन
जीवन में आया नयापन...

-पवन बाथम

अब तुम्हारा प्यार लेकर

अब तुम्हारा प्यार लेकर क्या करूँगा
पीर में कोई तपन बाक़ी नहीं है
आज तक परछाइयों का हाथ थामें
ज़िन्दगी जाने किधर चलती रही है

आस की अमराइयों की छाँव में ही
कामना ये ही कहीं पलती रही है
मैं निरी मनुहार लेकर क्या करूँगा
बात में कोई बचन बाकी है
अब तुम्हारा प्यार लेकर ...

आज दुनिया के सहेजे बन्धनों में
बढ़ रही है द्वंदता, कटुता, विषमता
भावनाओं से भरे संसार भर में
निकटता ही साथ ले आती विलगता
मैं निरा आकाश लेकर क्या करूँगा
है तिमिर, कोई किरन बाक़ी नहीं है
अब तुम्हारा प्यार लेकर क्या करूँगा
अब तुम्हारा प्यार लेकर ...

मैं चलूँ कब तक, कहाँ तक बिजन पथ ये
शूल हैं, कोई पथिक पाता नहीं हूँ
मैं किसे समझूँ अजाने पथ में रहबर
सब भ्रमित हैं क्यूँ समझ पाता नहीं हूँ  
मैं सहज अभिसार पाकर क्या करूँगा
वन्दना तो है नमन बाक़ी नहीं है
अब तुम्हारा प्यार लेकर क्या करूँगा
अब तुम्हारा प्यार लेकर ...

-शैलेन्द्र कुलश्रेष्ठ

Thursday, November 30, 2023

थकन मिटाएँगे

नदी किनारे
चलो सजन
हम थकन मिटाएँगे 

झरने लगे नाचने-गाने
चट्टानें शर्माईं
बर्फीले टीले पिघले हैं
वनराई मुस्काई
उछल रहे हैं उधर फुहारे
तपन मिटाएँगे 
नदी किनारे... 

चन्दन वन से चलीं हवाएँ
आने वाली हैं
धुंध घुटन से भरी खिजाएँ
जाने वाली हैं
मधु पराग के सेवाकर्मी
चरन दबाएँगे 
थकन मिटाएँगे
नदी किनारे... 

ऋतुएँ लगी बदलने कपड़े
गहने बदलेंगी
धानी चूनर ओढ़
खेत की
फसलें मचलेंगी
ऋतुओं के ऋतुराज सजन
आभरण लुटाएँगे 
नदी किनारे... 

-डॉ. मनोहर अभय  

Sunday, November 26, 2023

एक जीवन जी गया

एक जीवन जी गया मैं भी, 
तुम्हारे साथ देखो,
मुदित मन मधु पी गया मैं भी,
तुम्हारे साथ देखो

थीं बहुत सी वर्जनाएँ 
सजग करती सी कथाएँ
किन्तु हर प्रतिबन्ध पर 
विजयी हुई थीं भावनाएँ
लोक की उन रीतियों का, 
कुछ पुरातन नीतियों का
अतिक्रमण कर ही गया मैं भी, 
तुम्हारे साथ देखो
एक जीवन जी गया...

जब असंगत संधियों में 
छिपा इक अनुताप-सा है
हृदय-पथ का अनुसरण फिर 
क्यों जगत में पाप-सा है
किन्तु जग-संवेदना पर, 
दबा कर निज वेदना को
होंठ अपने सी गया मैं भी,
तुम्हारे साथ देखो
एक जीवन जी गया ...

समय क्या कर भी सकेगा, 
हृदय के अनुबंध ढीले
गरल पीने की कथा, 
कहते रहेंगें कंठ नीले
किन्तु आकुल निलय से फिर, 
आस की लघु दीपिका में
जला इक बाती गया मैं भी,
तुम्हारे साथ देखो
एक जीवन जी गया...

-अमिताभ त्रिपाठी अमित

बाँच गीतगोविंद नेह का...

बाँच गीतगोविंद नेह का
तुम कितने बौराये 
तन की छत पर झरे रात भर
महुआ गदराये 

एक बार अनुवादित कर दो
देहग्रंथ के छंद
उचित और अनुचित में उठता
मिट जाए फिर द्वंद्व
व्योम बराबर तृष्णा की ये
छागल रिस जाए
बाँच गीतगोविंद नेह का...

संस्पर्शों के बल्कल पहने
मिली हंसिनी रातें
आज चलो चरितार्थ करें हम
वात्सायन की बातें
अंग-अंग पर काम समीक्षा
फिर से लिक्खी जाए
बाँच गीतगोविंद नेह का...

मौन जहाँ संवाद बोलते
तम भी लगता उत्तम
ज्ञान और वैराग्य जहाँ पर
हो जाते हैं अक्षम
ये नूतन विज्ञान प्रेम से
नाहक ही डरवपाए

-उमाश्री

Saturday, November 25, 2023

खिलखिलाती

खिलखिलाती 
धूप है मन की सतह पर
एक कुहरीली सुबह है
और तुम हो

इस शिशिर में भी
सुखों के भार से
कंधे झुके हैं
जो नयन थे
सोंठ जैसे
पुन: अदरक हो चुके हैं
दृष्टि में नव-उत्सवों के 
रंग भरती 
आज रंगीली सुबह है
और तुम हो

पढ़ चुकी है
रात हरसिंगार की
सारी कहानी
जी रही
ईंगुर सजाकर 
नये जीवन की निशानी 
इस प्रणय को भोर का
तारा दिखाती 
एक सपनीली सुबह है
और तुम हो

याद वे दिन
आ रहे हैं
तुम नहीं थे, बस शिशिर था
बीतता था हर प्रहर
मन में कहीं पर
स्वयं थिर था
चाय की हैं चुस्कियाँ
अब अक्षरों पर
साथ में गीली सुबह है
और तुम हो

-राहुल शिवाय


गीत तो मैं सुनाता रहूँ

गीत तो मैं सुनाता रहूँ रात भर
शर्त यह है कि तुम मुसकराती रहो
पूर्णिमा के मधुर चन्द्रमा की तरह
मधुभरी रश्मिियों को लुटाती रहो

स्वर न पथ से डिगेंगे किसी भी समय
रागिनी की कभी भी न टूटेगी लय
कण्ठ की बाँसुरी के स्वरों को अगर
निज हृदय वीण से तुम मिलाती रहो
गीत तो मैं सुनाता रहूँ...

साज़ ऐसे मिलें जो न छूटें कभी
वीण के तार मंजुल न टूटें कभी
स्वर मधुर हो उठें गीत के इसलिए
मधु-भरे नैन से मधु पिलाती रहो
गीत तो मैं सुनाता रहूँ...

दर्द है कण्ठ में यह कहो तुम सदा
दर्द की दाद देती रहो सर्वदा
एक ही लक्ष्य पर तीर की नोक हो
मैं बचाता रहू, तुम चलाती रहो
गीत तो मैं सुनाता रहूँ...

साधना की डगर पर अँधेरा न हो
हर शलभ का यहाँ किन्तु फेरा न हो
मैं जलूँ दीप बन प्रेम के पंथ पर 
तुम अगर ज्योति में जगमगाती रहो
गीत तो मैं सुनाता रहूँ...

बस इसी विधि कटें ज़िन्दगी के दिवस
तुम यही ज़िन्दगी भर मनाती रहो
मैं तुम्हारे लिये गीत लिखता रहँ
तुम उन्हें निज हृदय से लगाती रहो
गीत तो मैं सुनाता रहूँ...

-जगदीश प्रसाद सक्सेना 'पंकज'

Thursday, November 23, 2023

तब से है मन चन्दन-चन्दन

दो पाँव अलक्तक गढ़े जड़े-
रुनझुन मेरे आँगन आये
तब से साँसें सौरभ-सी हैं 
तब से है मन चन्दन-चन्दन

वह द्रवित अगन से धवल वरन !
पल में हिय को हरते चितवन !
दो मंगल कलश नयन-युग के
कंचन मन कंचन अंतर्मन !
वे अधर लिए संगीत-सुमन 
मेरे द्वारे जो मुस्काये-
तब से जीवन का रूप हुआ 
इस पल उत्सव उस पल उपवन
तब से है मन चन्दन-चन्दन...

वे पीड़ान्तक मृदु-मधुर हास !
कामना जगाते ललित लास !
वे सुख-दुःख और सितासित में-
समभाव सहज समरस उजास !
दो नैन गहन घन बन कर जो 
जीवन के अम्बर में छाये-
तब से हैं शीतल झील बने 
मेरे तापित शापित तन-मन
तब से है मन चन्दन-चन्दन...

यह गुण सूनापन हरने का,
वह गुण घर को घर करने का,
उनके गुण कारण बन जाते-
अंतर की व्यथा बिसरने का,
दो हाथ मृदुल मेहँदी रंजित 
जाते जो मुझको महकाये -
तब से मुरझे जीवन-वन पर 
झरता जाये सावन-भावन
तब से है मन चन्दन-चन्दन...

-कृष्ण बिहारी शर्मा

चूड़ी का टुकड़ा

आज अचानक सूनी-सी संध्या में
जब मैं यों ही मैले कपड़े देख रहा था
किसी काम में जी बहलाने,
एक सिल्क के कुर्ते की सिलवट में लिपटा
गिरा रेशमी चूड़ी का
छोटा-सा टुकड़ा,
उन गोरी कलाइयों में जो तुम पहने थीं,
रंग भरी उस मिलन रात में।

मैं वैसा का वैसा ही
रह गया सोचता
पिछली बातें
दूज-कोर से उस टुकड़े पर
तिरनें लगी तुम्हारी सब लज्जित तस्वीरें,
सेज सुनहली,
कसे हुए बन्धन में चूड़ी का झर जाना,
निकल गई सपने जैसी वे मीठी रातें,
याद दिलाने रहा
यही छोटा-सा टुकड़ा।

-गिरिजा कुमार माथुर

मन वीणा का तार बजे

आज अगर तुम आ जाओ तो
मन वीणा का तार बजे 

मन की तपती धरती पर फिर
प्रेम फुहार करो तुम
पथराई आँखों में खुशियों की
सौगात धरो तुम 
शशि की निर्मल स्वच्छ चाँदनी में
मधुरिम शृंगार सजे 
आज अगर तुम आ जाओ...

मीत प्रीत का गीत स्वरमयी
मन ही मन हम गायें
ना मैं बोलूँ, ना तुम बोलो
दोनों चुप हो जायें 
सुख के सागर में खो जायें
चाहे ये संसार तजे 
आज अगर तुम आ जाओ...

-शरद तैलंग

डगर डगर नगर नगर

डगर डगर नगर नगर, गली गली शहर शहर
हरेक राह-गाह में, पुकारता चला गया।

उतार में न तू मिली, न तू किसी चढ़ाव में
न हमसफर बनी न तू, मिली किसी पड़ाव में
न मंजिलों न मरहलों, न मोड़ पर न गाम पर
न हाट में न बाट में, न गैल में न गाँव में
यहाँ नहीं, वहाँ नहीं, तुझे कहाँ कहाँ नहीं
उमर के आर पार तक, निहारता चला गया।
डगर डगर.................... ।।

तुम्हारी उस निगाह में, क्यों शोखी थी, सऊर था
अदाओं का हुजूम था, क्यों शर्म थी, सुरूर था ?
वो वक्त का बहाव था, या उम्र का कुसूर था
कोई-न कोई बात थी, वो कुछ-न-कुछ जुरूर था
उसी वफा की चाह में, उसी हसीं गुनाह में
मैं एक पल में इक उमर, गुजारता चला गया।
डगर डगर.................... ।।

ये कौन-सी तलाश है, जो चल रही है आज भी
ये कौन-सी है प्यास जो कि, छल रही है आज भी
ये कौन-सी वो भूल है, जो खल रही है आज भी
मगर ये कौन-सी है आस, पल रही है आज भी
इसी के ऐतबार पर, जनम की रहगुज़ार पर
मैं हर कदम पै मौत को, नकारता चला गया।
डगर डगर.................... ।।

-विनोद मंडलोई

जब घिरे बदली

जब घिरे बदली, बजे मुरली कहीं, 
उस रात रंगिनि!
प्यार में गलहार बनकर साथ देना

चाँदनी चूनर न हो मैली इसी से,
स्नेह के दीपक सजाता,
हो न बोझिल मन तुम्हारा, मैं इसी से
प्रीत की वीणा बजाता 
जब उतारे तार मन का भार तो उस रात मोहिनि!
राग की झंकार बनकर साथ देना
जब घिरे... 

कह नही सकते जिन्हें हम जानकर भी 
शेष वे कितनी व्यथाएँ,
और सुननी है, सुनानी हैं मुझे भी
अश्रु की कितनी कथाएँ,
जब उठाये भीगता आँचल निशा, उस पल सुहासिनि !
भोर का गुंजार बन कर साथ देना 
जब घिरे... 

मीत ! पर सबकी यहाँ राहें अलग हैं,
इसलिये सब दूर होते,
दो घड़ी हँस खेलने पर भी बिछुड़ने,
लिये मजबूर होते 
जब करे आकुल तुम्हारी याद, 
तो उस पल सभाषिनि!
स्वप्न का सिंगार बनकर साथ देना 
जब घिरे बदली बजे मुरली कहीं, 
उस रात रंगिनि !
प्यार में गलहार बनकर साथ देना।

-कुंदन लाल उप्रेती

तुम नहीं होते अगर

तुम नहीं होते अगर
जीवन विजन-सा द्वीप होता।

मैं किरण भटकी हुई-सी थी तिमिर में,
काँपती-सी एक पत्ती ज्यों शिशिर में,
भोर का सूरज बने तुम, पथ दिखाया,
ऊष्मा से भर नया जीवन सिखाया,
तुम बिना जीवन निठुर
मोती रहित इक सीप होता।

चंद्रिका जैसे बनी है चंद्र रमणी,
प्रणय मदिरा पी गगन में फिरे तरुणी,
मन हुआ गर्वित मगर फिर क्यों लजाया,
उर-सिंहासन पर मुझे तुमने सजाया,
तुम नहीं तो यही जीवन
लौ बिना इक दीप होता।

शुक्र का जैसे गगन में चाँद संबल,
मील का पत्थर बढ़ाता पथिक का बल,
दी दिशा चंचल नदी को कूल बन कर,
तुम मिले किस प्रार्थना के फूल बन कर,
जो नहीं तुम, यह हृदय
प्रासाद बिना महीप होता।

-मानोशी चटर्जी