पत्र लिखे, पर
भेज न पाया
मीत तुम्हारे पास
अधरों पर
जो बात न आती
लिख दी है इनमें
बिना तुम्हारे
लगता जैसे
साँस नहीं तन में
रोम-रोम में
बिंध जाता है
असहनीय संत्रास
पत्र लिखे पर...
तुम होते तो पुरवाई
बेतरह बहकती है
पावस के घन देख
नदी
जिस तरह थिरकती है
सत्य कहूँ
जीवन के वे क्षण
हो जाते हैं खास
पत्र लिखे पर...
तुम्हें देख
मोगरे महकने लगते हैं
मन में
विद्युत के
प्रवाह-सा अनुभव
होता है तन में
बड़े भोर
भर जाता जैसे
कण-कण में उल्लास
पत्र लिखे पर...
चाहा बहुत
न मन की परतें
मृदुल खोल पाये
मेरे सारे गीत
रह गये
जैसे अनगाये
संकोचों के आगे
फिर-फिर
बौने पड़े प्रयास
पत्र लिखे पर...
-मृदुल शर्मा