Showing posts with label *रामानन्द दोषी. Show all posts
Showing posts with label *रामानन्द दोषी. Show all posts

Tuesday, September 05, 2023

मन होता है पारा

मन होता है पारा 
ऐसे देखा नहीं करो

जाने तुमने क्या कर डाला 
उलट-पुलट मौसम
कभी घाव ज्यादा दुखता है
और कभी मरहम
जहाँ-जहाँ ज्यादा दुखता है
छूकर वहीं दुबारा
ऐसे देखा नहीं करो
मन होता है पारा... 

यह मुस्कान तुम्हारी
डूबी हुई शरारत में
उलझा-उलझा खत हो जैसे
साफ इबारत में
रह-रह कर दहकेगा
प्यासे होठों पर अंगारा
ऐसे देखा नहीं करो
मन होता है पारा... 

कौन बचाकर आँख
सुबह की नींद उतार गया
बूूढ़े सूरज पर पीछे से
सीटी मार गया
हम पर शक पहले से है
तुम करके और इशारा
ऐसे देखा नहीं करो
मन होता है पारा... 

होना-जाना क्या है 
जैसा कल था वैसा कल
मेरे सन्नाटे में बस
सूनेपन की हलचल
अँधियारे की नेमप्लेट पर
लिख-लिखकर उजियारा
ऐसे देखा नहीं करो
मन होता है पारा... । 

-रामानंद दोषी