Showing posts with label *देवेन्द्र कुमार बंगाली. Show all posts
Showing posts with label *देवेन्द्र कुमार बंगाली. Show all posts

Thursday, September 28, 2023

एक पेड़ चाँदनी

देवेन्द्र कुमार बंगाली  का  एक बहुत प्रसिद्ध नवगीत 




एक पेड़ चाँदनी
लगाया है आँगने
फूले तो आ जाना
एक फूल माँगने

ढिबरी की लौ
जैसी लीक चली आ रही
बादल का रोना है
बिजली शरमा रही
मेरा घर छाया है 
तेरे सुहाग ने 
फूले तो आ जाना...

तन कातिक 
मन अगहन
बार-बार हो रहा
मुझमें तेरा कुआर
जैसे कुछ बो रहा
रहने दो यह हिसाब 
कर लेना बाद में
फूले तो आ जाना...

नदी, झील सागर से
रिश्ते मत जोड़ना
लहरों को आता है
यहाँ-वहाँ छोड़ना
मुझको पहुँचाया है 
तुम तक अनुराग ने
फूले तो आ जाना...

एक पेड़ चाँदनी
लगाया है आँगने
फूले तो आ जाना
एक फूल माँगने ।

-देवेन्द्र कुमार बंगाली