डॅा. कुँअर बेचैन जी हिंदी के लोकप्रिय और वरिष्ठ गीतकार रहे हैं, इस संकलन के लिए यह गीत डॅा. कुँअर बेचैन जी ने हाथ से लिखकर भेजा था.... उनका स्मरण उनके इस प्रेमगीत से करें और प्रतिक्रिया भी लिखें...
.........................
ग़म तुम्हारा लिए घूमते हम फिरे
मंच से मंच तक गीत गाते हुए
चाह थी बस यही हम तुम्हें देख लें
गीत अपना कहीं गुनगुनाते हुए
हम जहाँ भी रहे हम अकेले न थे
साथ में याद कोई तुम्हारी रही
साँस निकली, तुम्हें बस तुम्हें ढूँढ़ने
लौटने पर कहाँ वह हमारी रही
बादलों की तरह हम नयन में घिरे
और रो भी पड़े मुस्कराते हुए
चाह थी बस यही हम तुम्हें देख लें
गीत अपना कहीं...
एक युग हो गया ढूँढ़ते-ढूँढ़ते
सामने तो रहे, पर मिले ही नहीं
हमने समझा कि तुम डाल के फूल हो
किन्तु पाषाण थे तुम, हिले ही नहीं
हम कई बार खुद भी नयन से गिरे
आँसुओं की तरह झिलमिलाते हुए
चाह थी बस यही हम तुम्हें देख लें
गीत अपना कहीं...
तुम हमें सिर्फ़ अक्षर समझते रहे
जब कि हम आँसुओं से भरे नैन थे
कागजों पर रहे चिट्ठियों की तरह
होठ पर जब रहे तो मधुर बैन थे
तुम गुज़र भी गए आँधियों की तरह
रह गए पंख हम फड़फड़ाते हुए
चाह थी बस यही हम तुम्हें देख लें
गीत अपना कहीं गुनगुनाते हुए।
-डॅा० कुँअर बेचैन