Showing posts with label *किशन सरोज. Show all posts
Showing posts with label *किशन सरोज. Show all posts

Thursday, September 07, 2023

ताल-सा हिलता रहा मन

धर गये मेंहदी रचे
दो हाथ जल में दीप
जन्म-जन्मों ताल-सा
हिलता रहा मन

बाँचते हम रह गये
अन्तर्कथा
स्वर्णकेशा-
गीत-वधुओं की व्यथा
ले गया चुनकर कमल
कोई हठी युवराज
देर तक शैवाल-सा
हिलता रहा मन
धर गये मेंहदी रचे...

जंगलों का दुख
तटों की त्रासदी
भूल, सुख से सो गई
कोई नदी
थक गई लड़ती हवाओं से
अभागी नाव
और झीने पाल-सा
हिलता रहा मन
धर गये मेंहदी रचे...

तुम गये क्या
जग हुआ अंधा कुआँ
रेल छूटी, रह गया
केवल धुआँ
गुनगुनाते हम- 
भरी आँखों
फिरे सब रात
हाथ के रूमाल-सा
हिलता रहा मन
धर गये मेंहदी रचे...
     
-किशन सरोज