Showing posts with label *कृष्ण भारतीय. Show all posts
Showing posts with label *कृष्ण भारतीय. Show all posts

Wednesday, September 27, 2023

अनकही आग में ही दहे जा रहे !

कृष्ण भारतीय वरिष्ठ गीतकार हैं, उनके गीतों में एक विशेष तरह की सादगी है... उनके इस गीत को पढ़ें और प्रतिक्रिया भी लिखें... 
....

अनकही आग में ही दहे जा रहे ! 
तुम मुझे, मैं तुम्हें 
मुग्ध हूँ देखकर 
हम बहुत कुछ अबोले कहे जा रहे 

प्यार  की है न भाषा, न  रंगत  कोई 
सब मगर मुस्कराते सबेरे हुए 
भाव, सपने रचे, आँख की कोर क्या-
इद्रधनुषी  छटा के चितेरे  हुए 
अनकहे मौन में 
हम सुलगते रहे-
अनकही आग में ही दहे जा रहे 

गीत की आड़ में जो लिखीं चिट्ठियाँ
प्रेम का तुम निमंत्रण वो पढ़ ना सके 
ये हृदय  की अँगूठी  सिसकती रही 
हम नगीने-सी  सूरत ये‌ जड़ ना सके 
स्वप्न के कैनवासी 
 बिछे पृष्ठ पर 
हम ख्यालों की मूरत गढ़े जा रहे
अनकही आग में ... 

लाज की ओढ़नी में कोई अप्सरा 
शर्म की बदलियों में सिमटती रही 
चाँदनी के लिए हम खड़े रह गये 
इक अमावस में आभा वो घटती रही 
बाँह में हम तुम्हें, 
सोच में भींचते 
गीत अपनी ही धुन में पढ़े जा रहे 
अनकही आग में...

-कृष्ण भारतीय