Showing posts with label *माखनलाल चतुर्वेदी. Show all posts
Showing posts with label *माखनलाल चतुर्वेदी. Show all posts

Saturday, September 16, 2023

चलो छिया-छी हो अन्तर में!

चलो छिया-छी हो अन्तर में!
तुम चन्दा
मैं रात सुहागन
चमक-चमक उट्ठें आँगन में
चलो छिया-छी हो अन्तर में!

बिखर-बिखर उट्ठो, मेरे घन,
भर काले अन्तस पर कन-कन,
श्याम-गौर का अर्थ समझ लें
जगत पुतलियाँ शून्य प्रहर में
चलो छिया-छी हो ...

किरनों के भुज, औ अनगिन कर
मेलो, मेरे काले जी पर
उमग-उमग उट्ठे रहस्य,
गोरी बाँहों का श्याम सुन्दर में
चलो छिया-छी हो ...

मत देखो, चमकीली किरनों
जग को, आ चाँदी के साजन!
कहीं चाँदनी मत मिल जावे
जग-यौवन की लहर-लहर में
चलो छिया-छी हो ...

चाहों-सी, आहों-सी, मनु-
हारों-सी, मैं हूँ श्यामल-श्यामल
बिना हाथ आये छुप जाते
हो, क्यों प्रिय किसके मंदिर में
चलो छिया-छी हो ...

कोटि कोटि दृग, में जगमग जो-
हूँ काले स्वर, काले क्षण गिन,
ओ उज्ज्वल श्रम कुछ छू दो
पटरानी को तुम अमर उभर दो
चलो छिया-छी हो ---

चमकील किरनीले शस्त्रों
काट रहे तम श्यामल तिल-तिल
ऊषा का मरघट साजोगे
यही लिख सके चार पहर में
चलो छिया-छी हो ...

ये अंगारे, कहते आये
ये जी के टुकड़े, ये तारे
‘आज मिलोगे’ ‘आज मिलोगे’,
पर हम मिलें न दुनिया-भर में
चलो छिया-छी हो अन्तर में!
        
-पं. माखनलाल चतुर्वेदी