जाने कैसे भूल गये तुम
वे सारे अनुबंध हमारे
मुझको अब तक याद आते हैं
वे बासंती गीत तुम्हारे
अलकों को मावस कहते थे
आनन को तुम शशि का दर्पण
लहरों-सी थी तन की भाषा
वेद-ऋचाओं जैसा था मन
साँसें महकें जूही चम्पा
चन्दन-वन त्यौहार हमारे
पर अब थके हुए से लम्हे
अपनी-अपनी नियति से हारे
मुझको अब तक...
संध्या छेड़े राग-रागिनी
मध्यम सुर में कोयल बानी
अब भी ठहरा समय वहीं पर
मछली से नयनों में पानी
करवट लेती रात अभी पर
सुबह से रूठे हैं उजियारे
दिन जोगी मन सूना-सूना
कौन किसी की राह निहारे
मुझको अब तक...
मरुथल बसा हुआ है भीतर
बाहर वर्षा जल है भारी
खण्डित प्रणय टीसता ऐसे
हरे पेड़ पर जैसे आरी
विष पीकर भी रही बावरी
मीरा पल-पल श्याम पुकारे
वही बाँसुरी, वही कन्हैया
वो यमुना तट वही किनारे
मुझको अब तक ...
-रंजना गुप्ता