Showing posts with label *विनोद तिवारी. Show all posts
Showing posts with label *विनोद तिवारी. Show all posts

Wednesday, September 20, 2023

प्यार का नाता हमारा

जिन्दगी के मोड़ पर यह 
प्यार का नाता हमारा
राह की वीरानियों को 
मिल गया आखिर सहारा
प्यार का नाता...

ज्योत्सना-सी स्निग्ध सुन्दर 
तुम गगन की तारिका-सी
पुष्पिकाओं से सजी
मधुमास की अभिसारिका-सी
रूप की साकार छवि-
माधुर्य की स्वच्छन्द धारा
प्यार का नाता...

मैं तुम्हीं को खोजता हूँ
चाँद की परछाइयों में
बाट तकता हूँ तुम्हारी
रात की तनहाइयों में
आज मेरी कामनाओं 
ने तुम्हें कितना पुकारा
प्यार का नाता...

दूर हो तुम किन्तु फिर भी 
दीपिका हो ज्योति मेरी
प्रेरणा हो शक्ति हो तुम! 
प्रीति की अनुभूति मेरी
गुनगुना लो प्यार से-
यह गीत मेरा है तुम्हारा
प्यार का नाता...

-विनोद तिवारी