Showing posts with label *विनोद निगम. Show all posts
Showing posts with label *विनोद निगम. Show all posts

Wednesday, September 06, 2023

मेरा है नाम इसे प्यार से लिखो

 रेत से लिखो या जलधार से लिखो
मेरा है नाम इसे प्यार से लिखो

खोलकर हवाओं में जूड़े सौरभ के
ओस नम हथेली में इन्द्रधनु कसेंगे हम
फूलों से भर देंगे सूनी यात्राएँ
नीले जल में हिलते द्वीप में बसेंगे हम
पलकों की स्याही से 
अधर की गवाही से
या बाहों के बन्दनवार से लिखो
मेरा है नाम इसे प्यार से लिखो

भरकर पूरनमासी चांँदनी शिराओं में
बाँहों में धार नदी निर्झर की जोड़कर
छोड़कर हिरन साँसों के चन्दन वन में
हम तुम बह जायेंगे लहरों को तोड़कर
पल से, चाहे छिन से, 
या कि निमिष भर मन से
दो मंगल अक्षर त्योहार से लिखो
मेरा है नाम इसे प्यार से लिखो
         
-विनोद निगम