आज सुप्रसिद्ध साहित्यकार डॅा. शिवमंगल सिंह सुमन का एक प्रसिद्ध गीत उनके प्रस्तुत है...
इसे पढ़ें और समझें कि एक बड़े कद के साहित्यकार के गीत में ऐसा क्या होता है जिससे वह कुछ खास हो जाता है ... अपनी टिप्पणी भी लिखें...
...
बहुत दिनों में आज मिली है
साँझ अकेली,
साथ नहीं हो तुम।
पेड़ खड़े फैलाए बाँहें
लौट रहे घर को चरवाहे
यह गोधूली !
साथ नहीं हो तुम।
कुलबुल-कुलबुल नीड़-नीड़ में
चहचह-चहचह मीड़-मीड़ में
धुन अलबेली,
साथ नहीं हो तुम।
जागी-जागी, सोई-सोई
पास पड़ी है खोई-खोई
निशा लजीली,
साथ नहीं हो तुम।
ऊँचे स्वर से गाते निर्झर
उमड़ी धारा, जैसी मुझ पर
बीती, झेली,
साथ नहीं हो तुम।
यह कैसी होनी-अनहोनी
पुतली-पुतली आँखमिचैनी
खुलकर खेली,
साथ नहीं हो तुम।
-शिवमंगल सिंह सुमन